पाकिस्तान के अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में मंगलवार को एक थाने पर आतंकवादियों के हमले में कम से कम चार सुरक्षाकर्मी मारे गये और 16 घायल हो गये। पुलिस ने यह जानकारी दी। आतंकवादियों ने दक्षिण वजीरिस्तान कबायली जिले की सीमा से लगे अशांत डेरा इस्माइल खान जिले में दरबान थाने पर हमला किया। आतंकवादियों ने विस्फोटकों से लदे वाहन से थाने की इमारत में टक्कर मार दी और फिर मोर्टार से हमला किया।
पुलिस ने कहा कि हमले के बाद सुरक्षा बलों और हमलावरों के बीच गोलीबारी में कम से कम चार सुरक्षाकर्मी मारे गए और 16 घायल हो गए। ‘एआरवाई न्यूज’ चैनल के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने दो आतंकवादियों को भी मार गिराया। पुलिस के अनुसार, हमले के बाद पुलिस की नयी टुकड़ियों को घटनास्थल पर भेजा गया। हमले के कारण जिले के अस्पतालों में आपातकाल घोषित कर दिया गया जबकि सभी स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए।
इससे पहले नवंबर महीने में भी पाकिस्तान के मियांवली के एयरबेस पर फिदायीन हमला हुआ था। आत्मघाती हमलावरों सहित भारी हथियारों से लैस 9 आतंकी पंजाब के मियांवली स्थित पाकिस्तान वायु सेना के अड्डे में घुस गए थे. दोनों तरफ से जबरदस्त फायरिंग हुई, जिसमें 9 आतंकी ढेर हो गए थे।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.