Breaking News in Hindi
ब्रेकिंग
PM मोदी का 76वां जन्मदिन आज, बोले आशीर्वाद सेवा का संकल्प मजबूत करता है BRICS Summit 2026: भारत के लिए कितना अहम है यह शिखर सम्मेलन? जानिए समूह से जुड़ी जरूरी बातें आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय ₹8,000 से बढ़कर ₹12,000 प्रतिमाह: UP सरकार का बड़ा ऐलान राजस्थान निकाय चुनाव 2026: 9 और 11 सितंबर को मतदान, 14 सितंबर को आएंगे नतीजे चोरी के डर से छत पर चढ़ा दी Scorpio! गोपालगंज में क्रेन से दो मंजिल ऊपर पहुंचाई SUV सड़क बनेगी तो धंसेगी, धंसेगी तो बनेगी: केशव मौर्य इंडोनेशिया में माउंट अनाक क्राकाटाऊ में जोरदार विस्फोट, 50,000 फीट तक पहुंचा राख का गुबार भारत के राष्ट्रपति ने शिक्षकों को राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किए। Happy Teachers Day 2026: शिक्षक दिवस क्यों मनाया जाता है? जानें इतिहास और महत्व शुभ जन्माष्टमी: भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर देशभर में भक्ति और उल्लास

छत्तीसगढ़ : बलौदाबाजार हिंसा के बाद सरकार ने SP और कलेक्टर को हटाया, जिले में धारा 144 लागू

छत्तीसगढ़ : बलौदाबाजार हिंसा के बाद छत्तीसगढ़ सरकार ने सख्त कार्रवाई की है। सरकार ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक का तबादला कर दिया। राज्य के सामान्य प्रशासन विभाग और गृह विभाग ने मंगलवार देर रात तबादला आदेश जारी किया। आदेश के अनुसार, बलौदाबाजार-भाटापारा जिलाधिकारी केएल चौहान को विशेष सचिव (बिना किसी विभाग के) के पद पर मंत्रालय (सचिवालय) में स्थानांतरित किया गया है। राज्य सरकार ने सहकारी समितियों के रजिस्ट्रार दीपक सोनी को बलौदाबाजार-भाटापारा जिले का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया है। सोनी के पास मनरेगा आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार भी है। इसके अलावा राज्य सरकार ने 2010 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी और बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के पुलिस अधीक्षक सदानंद कुमार का तबादला पुलिस मुख्यालय रायपुर में उप पुलिस महानिरीक्षक (डीआईजी) के पद पर कर दिया है। राज्य सरकार ने कुमार के स्थान पर सरगुजा जिले के पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल को बलौदाबाजार-भाटापारा जिले का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया है। इसके साथ ही माना रायपुर में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (सीएएफ) की चौथी बटालियन के कमांडेंट योगेश पटेल का तबादला सरगुजा जिले के पुलिस अधीक्षक के पद पर किया गया।

बता दें कि सोमवार को एक धार्मिक ढांचे को कथित रूप से तोड़े जाने के खिलाफ सतनामी समाज द्वारा बुलाए गए विरोध प्रदर्शन के दौरान भीड़ ने बलौदाबाजार शहर में एक सरकारी कार्यालय और दोपहिया व चार पहिया वाहनों सहित 150 से अधिक वाहनों में आग लगा दी थी।

बलौदाबाजार में धारा 144 लागू

बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के गिरौदपुरी धाम में 15 और 16 मई की रात अमर गुफा के निकट अज्ञात व्यक्तियों ने सतनामी समाज द्वारा पूजे जाने वाले प्रतीक ‘जैतखाम’ या ‘विजय स्तंभ’ को क्षतिग्रस्त कर दिया था। पुलिस ने बाद में इस घटना के सिलसिले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। घटना के विरोध में समुदाय ने सोमवार को दशहरा मैदान बलौदाबाजार में प्रदर्शन और जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव करने का आह्वान किया था। विरोध प्रदर्शन के दौरान आगजनी और पथराव होने के कारण जिला प्रशासन ने दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 144 लागू कर दी, जिसके तहत 16 जून तक बलौदाबाजार शहर में चार या अधिक लोगों के एकत्र होने पर रोक लगा दी गई।

बलौदाबाजार-भाटापारा के पुलिस अधीक्षक सदानंद कुमार ने मंगलवार को बताया था कि आगजनी की घटना के संबंध में सात प्राथमिकी दर्ज की गई और घटना में शामिल लोगों का पता लगाने के लिए पुलिस की 12 टीमें गठित की गई।

कांग्रेस की सोची समझी साजिश- मंत्री टंक राम वर्मा

राज्य के खाद्य मंत्री दयालदास बघेल और राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने मंगलवार को कांग्रेस नेताओं पर विरोध प्रदर्शन के दौरान भीड़ को उकसाने का आरोप लगाया। बघेल ने कहा, ”कांग्रेस नेताओं ने प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से आगजनी और लूट की घटना को बढ़ावा दिया। यह घटना कांग्रेस की सोची-समझी साजिश का नतीजा है। कंपोजिट बिल्डिंग (जिसमें जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और अन्य कार्यालय हैं) को जला दिया गया और तीन दमकल गाड़ियों को भी आग के हवाले कर दिया गया। इस घटना में करीब 40 पुलिसकर्मी घायल हो गए। आम लोगों को सड़कों पर दौड़ा-दौड़ा कर पीटा गया।” उन्होंने दावा किया कि बलौदाबाजार रजिस्ट्री अधिकारी के पास संपत्ति की रजिस्ट्री कराने आए लोगों से लाखों रुपये लूट लिए गए। मंत्री ने कहा कि घटना के सिलसिले में अब तक आगजनी करने वाले दो सौ से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस ने दावा किया कि मंत्री अपनी सरकार की विफलता को छिपाने की कोशिश कर रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार देर शाम अपने सरकारी आवास पर सतनामी समाज के सदस्यों से मुलाकात की और घटना पर चर्चा की।

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.