Breaking News in Hindi
ब्रेकिंग
PM मोदी का 76वां जन्मदिन आज, बोले आशीर्वाद सेवा का संकल्प मजबूत करता है BRICS Summit 2026: भारत के लिए कितना अहम है यह शिखर सम्मेलन? जानिए समूह से जुड़ी जरूरी बातें आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय ₹8,000 से बढ़कर ₹12,000 प्रतिमाह: UP सरकार का बड़ा ऐलान राजस्थान निकाय चुनाव 2026: 9 और 11 सितंबर को मतदान, 14 सितंबर को आएंगे नतीजे चोरी के डर से छत पर चढ़ा दी Scorpio! गोपालगंज में क्रेन से दो मंजिल ऊपर पहुंचाई SUV सड़क बनेगी तो धंसेगी, धंसेगी तो बनेगी: केशव मौर्य इंडोनेशिया में माउंट अनाक क्राकाटाऊ में जोरदार विस्फोट, 50,000 फीट तक पहुंचा राख का गुबार भारत के राष्ट्रपति ने शिक्षकों को राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किए। Happy Teachers Day 2026: शिक्षक दिवस क्यों मनाया जाता है? जानें इतिहास और महत्व शुभ जन्माष्टमी: भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर देशभर में भक्ति और उल्लास

ईडी ने BRS नेता के कविता को पूछताछ के लिए कल बुलाया, दिल्ली शराब नीति से जुड़ा है मामला

नई दिल्लीः प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन मामले की जांच के सिलसिले में भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) नेता के. कविता को नये दौर की पूछताछ के लिए तलब किया है। आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव की 45 वर्षीय बेटी कविता को मंगलवार को दिल्ली में जांच एजेंसी के सामने पेश होने के लिए कहा गया है। हालांकि, सूत्रों ने कहा कि हो सकता है कि वह एजेंसी के सामने पेश नहीं हों और उन्होंने एक ईमेल के माध्यम से जांच अधिकारी को अपना निर्णय बता दिया है।

कविता के वकील नितेश राणा ने बताया, ‘सुप्रीम कोर्ट का एक आदेश है जिसमें कहा गया है कि ईडी इस मामले में के. कविता को तलब नहीं कर सकती।” ईडी सूत्रों ने कहा कि बीआरएस नेता को पिछले साल सुप्रीम कोर्ट से अस्थायी राहत मिली थी जो अब मान्य नहीं है। इस मामले में पिछले साल कविता से तीन बार पूछताछ की गई है और केंद्रीय एजेंसी ने धनशोधन रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) के तहत उनका बयान भी दर्ज किया था।

बीआरएस की विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) कविता ने अतीत में कहा है कि उन्होंने कुछ भी गलत नहीं किया है और आरोप लगाया था कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ईडी का “उपयोग” कर रही है क्योंकि भाजपा तेलंगाना में “पिछले दरवाजे से प्रवेश” हासिल नहीं कर सकती।

केजरीवाल को जारी किया चौथा नोटिस
ईडी ने मामले के सिलसिले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को चौथा समन जारी किया है और 18 जनवरी को एजेंसी के सामने पेश होने को कहा है। पिछली बार जब कविता ईडी के सामने पेश हुई थीं, तो समझा जाता है कि उनका सामना हैदराबाद के व्यवसायी और मामले के आरोपी अरुण रामचंद्रन पिल्लई के बयानों से कराया गया था, जिनके कथित तौर पर उनके (कविता) साथ करीबी संबंध हैं।

ईडी ने कहा था कि पिल्लई ने कविता और अन्य से जुड़े एक कथित शराब कार्टेल “साउथ ग्रुप” का प्रतिनिधित्व किया था, जिसने 2020-21 के लिए अब समाप्त हो चुकी दिल्ली आबकारी नीति के तहत राष्ट्रीय राजधानी के बाजार में एक बड़ी हिस्सेदारी हासिल करने के लिए आम आदमी पार्टी (आप) को लगभग 100 करोड़ रुपये की रिश्वत दी थी।

ईडी के अनुसार, “साउथ ग्रुप” में सरत रेड्डी (अरबिंदो फार्मा के पूर्व प्रवर्तक), मगुंटा श्रीनिवासुलु रेड्डी (आंध्र प्रदेश में ओंगोल लोकसभा सीट से वाईएसआर कांग्रेस सांसद), उनके बेटे राघव मगुंटा, कविता और अन्य शामिल हैं। ईडी ने पिल्लई के हिरासत कागजात में यह भी आरोप लगाया कि उन्होंने मामले में कविता के “बेनामी निवेश का प्रतिनिधित्व किया।” इस मामले में कविता से केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने पूछताछ की थी। धनशोधन का ईडी मामला सीबीआई की प्राथमिकी का संज्ञान लेते हुए दर्ज किया गया था।

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.