Breaking News in Hindi
ब्रेकिंग
PM मोदी का 76वां जन्मदिन आज, बोले आशीर्वाद सेवा का संकल्प मजबूत करता है BRICS Summit 2026: भारत के लिए कितना अहम है यह शिखर सम्मेलन? जानिए समूह से जुड़ी जरूरी बातें आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय ₹8,000 से बढ़कर ₹12,000 प्रतिमाह: UP सरकार का बड़ा ऐलान राजस्थान निकाय चुनाव 2026: 9 और 11 सितंबर को मतदान, 14 सितंबर को आएंगे नतीजे चोरी के डर से छत पर चढ़ा दी Scorpio! गोपालगंज में क्रेन से दो मंजिल ऊपर पहुंचाई SUV सड़क बनेगी तो धंसेगी, धंसेगी तो बनेगी: केशव मौर्य इंडोनेशिया में माउंट अनाक क्राकाटाऊ में जोरदार विस्फोट, 50,000 फीट तक पहुंचा राख का गुबार भारत के राष्ट्रपति ने शिक्षकों को राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किए। Happy Teachers Day 2026: शिक्षक दिवस क्यों मनाया जाता है? जानें इतिहास और महत्व शुभ जन्माष्टमी: भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर देशभर में भक्ति और उल्लास

रतलाम के धतरवादा के पास किसान को लूटने के मामले में मंदसौर से दो युवक गिरफ्तार

रतलाम। रिंगनोद पुलिस ने जावरा के पास स्थित अरनियापीथा कृषि उपज मंडी में फसल बेचकर जा रहे किसान को लूटने के मामले का राजफाश कर दिया है। पुलिस के अनुसार लूट की वारदात मंदसौर जिले के दो युवकों ने की थी। दोनों को गिरफ्तार उनके कब्जे से लूटे गए 80 हजार रुपये व वारदात में उपयोग की गई बाइक जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार रिंगनौद थाना क्षेत्र के ग्राम धतरावदाके पास सात मई को ट्रैक्टर-ट्राली लेकर जा रहे किसान 52 वर्षीय भेरूलाल नायक पुत्र भंवरलाल नायक निवासी ग्राम बोलिया जिला मंदसौर से दो युवक 80 हजार रुपये लूटकर भाग गए थे। सूचना मिलने पर एसपी राहुल कुमार लोढा के निर्देशन तथा एएसपी राकेश खाखा व जावरा एसडीओपी शक्तिसिंह चौहान के मार्गदर्शन में आरोपितों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार करने के लिए रिंगनौद थाना प्रभारी पतिराम डावरे के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी।

टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के सीसीटीवी कैमरो के फुटेज चेक किए। फुटेज में संदिग्ध दो युवक बाइक (एमपी-14/जेड-5262) पर जाते दिखाई दिए। जांच के दौरान पता चला कि फुटेज में आए युवक आरोपित 20 वर्षीय पवन आंजना पुत्र भगवतीलाल आंजना निवासी ग्राम खजुरिया आंजना हालमुकाम ग्राम रातीखेडी थाना अफजलपुर जिला मंदसौर व 22 वर्षीय यशवंत आंजना पुत्र गोवर्धनलाल आंजना निवासी रातीखेडी है तथा लूट की वारदात उन्होंने की होगी। इसके बाद पुलिस ने उनकी तलाश की और दबिशें देकर दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पहले वे वारदात करने से मना करते रहे, लेकिन जब सख्ती से पूछताछ की तो उन्होंने वारदात करना स्वीकार की।

घर पर छिपाकर रखे थे रुपये

घटना के बाद आरोपित पवन व यशवंत ने रुपयों का बंटवारा कर आधे-आधे रुपये लेकर अपने घरों पर छिपाकर रखे थे। पुलिस दल उन्हें उनके घर ले गया और उनके बताए स्थानों से चालीस-चालीस हजार रुपये बरामद किए। आरोपितों का आपराधिक रिकार्ड भी पुलिस तलाश रही है। वहीं आरोपितों से अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ की जा रही है।

यह है मामला

किसान भेरूलाल नायक सात मई 2024 को सुबह ट्रैक्टर-ट्राली में गेहूं व अलसी भरकर बेचने के लिए अपने दस वर्षीय पुत्र करण के साथ अरनियापीथा कृषि मंडी में गए थे। गेहूं व अलसी बेचने पर उन्हें 80 हजार रुपये मिले थे, जो उन्होंने अपने कुर्ते की जेब में रख लिए थे।

इसके बाद शाम को वे पुत्र के साथ ट्रैक्टर-ट्राली से कांकरवा-बोलिया मार्ग होकर कच्चे रास्ते से घर लौट रहे थे। तभी रास्ते में रिंगनौद थाना क्षेत्र के ग्राम धतरावदा के समीप पीछे से बाइक पर आए दो बदमाशों ने उनसे यह कहकर ट्रैक्टर रुकवाया था कि ट्रैक्टर के पीछे कुछ फंस गया है। उन्होंने ट्रैक्टर रोका, तभी बदमाश उनके पास पहुंचे तथा उनकी जेब से 80 हजार रुपये निकाल कर मंदसौर की तरफ भाग गए थे।

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.