LDA ने दावा किया है कि ग्रीन कॉरिडोर के तीसरे चरण का निर्माण शहीद पथ का आवागमन रोके बिना पूरा होगा। इसके लिए एलडीए शहीद पथ-ग्रीन कॉरिडोर के इंटर सेक्शन पर फ्लाईओवर व क्लोवर लीफ बनाएगा।
इस परियोजना के तहत गोमती नगर से किसान पथ को जोड़ने वाले इस फ्लाईओवर के निर्माण के दौरान शहीद पथ पर ट्रैफिक चलता रहेगा।
LDA उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने ग्रीन कॉरिडोर के तीसरे चरण के निर्माण को लेकर मंगलवार को अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें बताया गया कि ग्रीन कारिडोर के तीसरे व चौथे चरण में समतामूलक चौक से किसान पथ तक बंधा रोड, फ्लाईओवर व ब्रिज आदि का निर्माण किया जाना है। जिसके तहत शहीद पथ पर इकाना स्टेडियम के पास फ्लाईओवर बनाया जाएगा।
इसके निर्माण के लिए शहीद पथ पर ट्रैफिक नहीं रोका जाएगा, जिससे लोगों को किसी भी तरह की दिक्कत नहीं उठानी पड़ेगी। बैठक में इस रूट पर किए जाने वाले कार्यों के संबंध में चर्चा की गई। प्रोजेक्ट से जुड़े अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि नए रूट पर कार्य शुरू करने से पहले लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग व ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों के साथ संयुक्त सर्वे करा लिया जाए। इसमें डीसीपी ट्रैफिक कमलेश दीक्षित, मुख्य अभियंता मानवेंद्र सिंह व पीआइयू के प्रभारी एके सिंह सेंगर समेत अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
